25 साल की राष्ट्रसेवा को BJP मनाएगी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे 12 सेवा कार्यक्रम

कवर्धा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत बूथ स्तर तक 12 अलग-अलग सेवा प्रकल्प आयोजित किए जाएंगे।
अभियान की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी देने शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय कवर्धा में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू ने संबोधित किया। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी मौजूद रहे।
अशोक साहू ने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज की राजनीति में पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करना भी चुनौती माना जाता है, लेकिन नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रसेवा को ईश्वर सेवा मानकर बिना थके, बिना रुके और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ 25 वर्षों से सेवा का संकल्प निभाया है। ऐसे राष्ट्रनायक के जन्मदिवस को सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाना गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, अर्थव्यवस्था, सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी पहलों से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
17 सितंबर को आशीर्वाद का दीप जलाकर होगी शुरुआत
अशोक साहू ने बताया कि 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीप जलाकर सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद एक महीने तक विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित होंगी और इन्हें बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा।
बूथ स्तर तक पहुंचेंगे सेवा प्रकल्प : जसविंदर बग्गा
प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा ने कहा कि अभियान के तहत पूरे देश में बूथ स्तर तक विभिन्न सेवा प्रकल्प प्रभावी रूप से संचालित किए जाएंगे। भाजपा कार्यकर्ता सेवा को संगठन की कार्यपद्धति का आधार मानते हुए समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचेंगे।
समयबद्ध तरीके से होंगे कार्यक्रम : राजेंद्र चंद्रवंशी
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि कवर्धा जिले में सेवा संकल्प अभियान के सभी कार्यक्रमों को जिला, मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय के साथ पूरा किया जाएगा। कार्यक्रमों के लिए प्रभारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और संगठन स्तर पर तैयारियां जारी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित यह अभियान केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सेवा, समर्पण और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।



