युवा जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के कबीरधाम जिलाध्यक्ष बने राकेश भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर उपाध्याय ने जारी की नियुक्ति सूची

युवा संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का संकल्प, जिलाध्यक्ष सुनील केशरवानी ने दी बधाई
कवर्धा/ जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने युवा संगठन को मजबूत करने की दिशा में संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर उपाध्याय द्वारा 21 अक्टूबर 2026 को जारी नियुक्ति आदेश के अनुसार, युवा जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के कबीरधाम जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी राकेश भट्ट को सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति से जिले में युवा संगठन को नई ऊर्जा मिलने तथा पार्टी की गतिविधियों को और अधिक गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पार्टी नेतृत्व ने युवाओं को संगठन से जोड़ने, जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और संगठन की विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश एवं जिला स्तर पर विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की हैं। इसी क्रम में राकेश भट्ट को कबीरधाम जिले में युवा संगठन की कमान सौंपी गई है।
युवाओं की टीम होगी मजबूत, हर वर्ग के मुद्दों पर करेंगे संघर्ष : सुनील केशरवानी
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के कबीरधाम जिलाध्यक्ष सुनील केशरवानी ने राकेश भट्ट को युवा जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राकेश भट्ट की नियुक्ति से जिले में युवा कार्यकर्ताओं की टीम मजबूत होगी और संगठन को नई दिशा मिलेगी।
केशरवानी ने कहा कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) जिले के प्रत्येक वर्ग, समाज और समुदाय के लोगों की समस्याओं को लेकर मजबूती से आवाज उठाएगी। युवाओं, किसानों, मजदूरों, गरीबों, जरूरतमंदों और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाते हुए उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ी जाएगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा ‘सर्वधर्म हिताय, सर्ववर्ग सुखाय’ को जन-जन तक पहुंचाना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना, आपसी सद्भाव को मजबूत करना और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने विश्वास जताया कि राकेश भट्ट अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए युवाओं को संगठित करेंगे तथा जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संगठन का विस्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रदेश स्तर पर भी हुईं नियुक्तियां
प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर उपाध्याय द्वारा जारी सूची में प्रदेश कार्यकारिणी के विभिन्न पदों के साथ कई जिलों के अध्यक्षों की नियुक्तियों की भी घोषणा की गई है। आदेश में प्रदेश संयोजक एवं प्रभारी के पद पर नवीन अग्रवाल, प्रदेश संयोजक सोशल मीडिया के पद पर नवेद कुरैशी, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर शमशूल आलम, प्रदेश महासचिव के पद पर अनिरुद्ध वर्मा तथा प्रदेश सचिव के पद पर अंकु पांडे और योगेन्द्र देवांगन को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अतिरिक्त रायपुर शहर एवं ग्रामीण, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, धमतरी, बालोद, दुर्ग, कबीरधाम और राजनांदगांव सहित विभिन्न जिलों में संगठनात्मक नियुक्तियां की गई हैं। इन नियुक्तियों के माध्यम से युवा संगठन को प्रदेशभर में सक्रिय एवं मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है।
कार्यकर्ताओं ने दी बधाई एवं शुभकामनाएं
राकेश भट्ट के युवा जिलाध्यक्ष बनने पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर बोड़ला ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी पटेल, कवर्धा शहर अध्यक्ष आभताभ राजा, कवर्धा ग्रामीण अध्यक्ष रुपेश यादव,जिलाउपाध्यक्ष दिनेश झारिया,रेंगाखार अध्यक्ष महेंद्र नेताम, अनुसूचित जनजाति विभाग के जिलाध्यक्ष मोती टेकाम सहित जगदीश बंजारे, रफीक खान, दलिचंद बंजारे, नारायण साहू, पंडरिया ब्लॉक अध्यक्ष विजय श्रीवास तथा अन्य कार्यकर्ताओं एवं मित्रगणों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि राकेश भट्ट के नेतृत्व में युवा संगठन जिले में जनसमस्याओं को लेकर सक्रिय भूमिका निभाएगा और अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़कर संगठन को मजबूत बनाएगा।
नवनियुक्त युवा जिलाध्यक्ष राकेश भट्ट के सामने अब जिले में युवा संगठन का विस्तार करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और जनहित के मुद्दों पर प्रभावी भूमिका निभाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। पार्टी कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में युवा जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) कबीरधाम जिले में नई ऊर्जा और सक्रियता के साथ आगे बढ़ेगी।



