
कवर्धा: घर और किराना दुकान में चोरी का खुलासा, मध्यप्रदेश के दो शातिर आरोपी गिरफ्तार
लोहारा पुलिस ने बालाघाट से पकड़े दोनों आरोपी, सोने-चांदी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल अपाचे बाइक समेत 1.74 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
कवर्धा, 24 अक्टूबर 2026। कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना पुलिस ने ग्राम छोटूपारा में घर और किराना दुकान का ताला तोड़कर हुई चोरी की वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल अपाचे मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख 74 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश कुसरे (29 वर्ष), निवासी ग्राम अकलपुर, थाना मलाजखंड तथा अमर मरकाम (24 वर्ष), निवासी ग्राम डोंगरिया, थाना बिरसा, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने गया था परिवार, पीछे से हुई चोरी
पुलिस के अनुसार, ग्राम छोटूपारा निवासी रेवाराम साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 अक्टूबर 2026 को गांव में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होने के कारण वह अपने घर और किराना दुकान में ताला लगाकर कार्यक्रम देखने गया था। देर रात करीब 1:30 बजे घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर दोनों गोदरेज अलमारियों और लॉकर के ताले भी टूटे हुए थे तथा सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर अलमारी से 5 हजार रुपये नकद, सोने के नौ पत्तीदार आभूषण, चांदी का करधन और बच्चे का चांदी का आभूषण गायब मिला। इसके बाद दुकान की जांच करने पर काउंटर की दराज से करीब 3 हजार रुपये नकद भी गायब पाए गए। चोरी गई संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 74 हजार रुपये बताई गई।
शिकायत पर थाना सहसपुर लोहारा में अपराध क्रमांक 169/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर पुलिस टीमों को मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में भेजा गया। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने राकेश कुसरे और अमर मरकाम को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने छोटूपारा में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
आभूषण और अपाचे बाइक सहित 1.74 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के नौ पत्तीदार आभूषण, एक चांदी का करधन और एक जोड़ी चांदी की पायल बरामद की। इन आभूषणों की अनुमानित कीमत 74 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई करीब एक लाख रुपये कीमत की अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। इस तरह कुल 1 लाख 74 हजार रुपये की संपत्ति पुलिस ने जब्त की है।
मध्यप्रदेश के थानों में भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी और आर्म्स एक्ट से संबंधित आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा थाना सहसपुर लोहारा के दो मामलों में भी उनकी संलिप्तता पाई गई है। पुलिस द्वारा प्रकरणों से संबंधित जानकारी और अन्य तथ्यों की विवेचना की जा रही है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अपूर्वा क्षत्रिय के दिशा-निर्देशन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी सहसपुर लोहारा निरीक्षक मनीष मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक चंद्रकांत तिवारी (साइबर थाना), प्रधान आरक्षक क्रमांक 403, आरक्षक चरण पटेल, आरक्षक रवि जायसवाल और चालक आरक्षक बिनेश पोर्ते का विशेष योगदान रहा।



