दीपावली से पहले मंदिरों की सेवा में जुटे संकट मोचन समिति एवं महामाया मंच रौहा के कार्यकर्ता

पंडरिया। दीपावली पर्व के मद्देनजर धार्मिक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से संकट मोचन समिति एवं महामाया मंच रौहा के कार्यकर्ताओं ने सराहनीय पहल की है। समिति के सदस्यों ने आपसी सहयोग और श्रमदान से मंदिरों में पोताई एवं रंग-रोगन का कार्य किया। साथ ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में फैले कचरे एवं गंदगी को साफ कर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मंदिर परिसर में कचरा न फैलाएं और कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें।
कार्यकर्ताओं की इस पहल से जहां दीपावली के पूर्व मंदिरों की सुंदरता बढ़ी है, वहीं सेवा, समर्पण, आपसी सहयोग और सामाजिक एकता की मिसाल भी पेश की गई है। स्वच्छ मंदिर, सुंदर परिसर और स्वस्थ समाज के संकल्प के साथ की गई यह पहल निश्चित रूप से अन्य लोगों को भी सामाजिक कार्यों के लिए प्रेरित करेगी।
इनकी रही सहभागिता: सुनील साहू, पुरुषोत्तम निर्मलकर, थानु साहू, खुमेश्वर निर्मलकर, नीरज चन्द्रवंशी, मयंक चन्द्रवंशी, झयकुमार चंद्रवंशी, टीकम निर्मलकर, दुर्गा चन्द्रवंशी एवं छोटू चन्द्रवंशी उपस्थित रहे।



