कांकेर जिला (उत्तर बस्तर)

कांकेर में अवैध शराब का बड़ा खुलासा! स्कार्पियो से 30 पेटी देशी शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

उजियारा अभियान के तहत बांदे पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2,950 नग शराब के साथ ₹50 हजार नगद बरामद

कांकेर। छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर कांकेर जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। “उजियारा अभियान” के तहत बांदे पुलिस ने स्कार्पियो वाहन से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे स्कार्पियो वाहन सहित मोबाइल फोन और नगदी रकम भी जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी कड़ी में 3 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना बांदे पुलिस ने ग्राम पीव्ही-82 विजय नगर में घेराबंदी कर स्कार्पियो वाहन क्रमांक CG 18 J 8172 की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 30 पेटी रॉकेट देशी संत्रा शराब बरामद हुई। इसमें कुल 2,950 नग शराब की बोतलें मिलीं, जिनकी कुल मात्रा 265.500 लीटर और अनुमानित कीमत ₹1 लाख 18 हजार बताई गई है।

मौके से पुलिस ने ₹50 हजार नगद, शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन और एक आईक्यू मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹4 लाख 88 हजार बताई गई है।

मामले में आरोपी अमित साहा, उम्र 32 वर्ष, निवासी पीव्ही-14 श्यामनगर, थाना पखांजूर, जिला कांकेर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

कांकेर पुलिस की अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने के लिए अपराध हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 जारी किया गया है। पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने का आश्वासन दिया है।

तहलका न्यूज की रिपोर्टिंग।

Related Articles

Back to top button