दामापुर को मिली बड़ी सौगात, विधायक भावना बोहरा ने उप तहसील (लिंक कोर्ट) कार्यालय का किया शुभारंभ

₹46.96 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन, ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए विधायक भावना बोहरा ने ग्राम दामापुर में उप तहसील (लिंक कोर्ट) कार्यालय का शुभारंभ किया। इससे दामापुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अब राजस्व संबंधी कार्यों के लिए दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा एवं भूमि संबंधी प्रकरणों के निराकरण में स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कुल 46 लाख 96 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें हाईस्कूल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, आदिवासी बालक आश्रम माध्यमिक शाला भवन, रंगमंच एवं सामुदायिक भवन का लोकार्पण तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आहता निर्माण और सीसी रोड निर्माण का भूमिपूजन शामिल है।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा के प्रत्येक गांव तक विकास और बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। दामापुर में उप तहसील कार्यालय शुरू होने से किसानों, महिलाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों को अपने राजस्व कार्यों के लिए अनावश्यक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे समय, धन और श्रम की बचत होगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमारा संकल्प है कि पंडरिया विधानसभा का कोई भी गांव मूलभूत सुविधाओं और विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे।



