
100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने पकड़े आरोपी, दो अन्य की तलाश जारी
कवर्धा। कबीरधाम जिले में डकैती की बड़ी वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। थाना तरेगांव जंगल क्षेत्र में हुई डकैती के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे एवं निशानदेही पर करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात, एक बजाज पल्सर एनएस मोटरसाइकिल और 1500 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 की शाम प्रार्थी वेदप्रकाश सोनी के साथ मछरीरेवार मंदिर घाटी के पास डकैती की घटना हुई थी। आरोपियों ने मोटरसाइकिल से रास्ता रोककर प्रार्थी और उसके साथ मौजूद व्यक्ति के साथ डंडे से मारपीट की और उनके पास रखे सामान एवं जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। घटना की सूचना पर थाना तरेगांव जंगल में अपराध क्रमांक 20/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आसपास के 24 गांवों में 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए निखिल कुर्रे को ग्राम बिरकोना के पास पकड़ा। इसके बाद संजय भास्कर और सचिन पात्रे को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए।
दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे थे आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी घटना के दिन पंडरिया स्थित देशी शराब दुकान के सामने एकत्रित हुए थे। इसके बाद दो मोटरसाइकिलों से तरेगांव क्षेत्र पहुंचे और बाजार में रहकर प्रार्थी की गतिविधियों पर नजर रखने लगे। मौका मिलते ही उन्होंने पीछा कर घाटी के पास रास्ता रोका और मारपीट कर जेवरात लूट लिए।
वारदात के बाद आरोपी लूटे गए जेवरात लेकर मुंगेली पहुंचे और उन्हें आपस में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया। बाद में जेवरात बेचने के लिए बिलासपुर जाने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस ने इससे पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल कुर्रे, संजय भास्कर और सचिन पात्रे के रूप में हुई है। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक, उप पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत देवांगन सहित थाना तरेगांव जंगल, पंडरिया, कुकदूर, पांडातराई एवं साइबर टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस ने सराफा व्यापारियों एवं व्यवसायियों से प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, कीमती जेवरात सुरक्षित रखने और बड़ी मात्रा में नगदी अथवा आभूषण लेकर अकेले सफर करने से बचने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की भी अपील की गई है।



