कबीरधाम जिला

पीएम जनमन आवास में ठगी का आरोप, ठेकेदार निक्की खान पर FIR दर्ज

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर कार्रवाई, कबीरधाम में अब तक तीन ठेकेदारों के खिलाफ मामला दर्ज

कबीरधाम। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को पक्का मकान दिलाने के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। हितग्राहियों से आवास निर्माण के लिए राशि लेने के बावजूद मकान का निर्माण पूरा नहीं करने और पैसे वापस नहीं लौटाने के आरोप में ठेकेदार शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान के खिलाफ चिल्फी थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई की गई है।

उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के हितग्राहियों के साथ धोखाधड़ी और उनकी राशि के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी क्रम में कबीरधाम जिले में आवास निर्माण के नाम पर कथित ठगी के मामलों में कार्रवाई जारी है।

तीन हितग्राहियों से 2.40 लाख रुपये लेने का आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोड़ला विकासखंड के ग्राम दुलदुला, ग्राम पंचायत बेंदा में राजिम धुर्वे, उनके बड़े भाई सोनेलाल धुर्वे और पड़ोसी छिरवैया धुर्वे के नाम से प्रधानमंत्री जनमन आवास स्वीकृत हुआ था। आरोप है कि ठेकेदार शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान ने आवास निर्माण की जिम्मेदारी लेते हुए हितग्राहियों से राशि प्राप्त की, लेकिन मकानों का निर्माण पूरा नहीं कराया।

शिकायत के मुताबिक, तीनों हितग्राहियों से 80-80 हजार रुपये यानी कुल 2 लाख 40 हजार रुपये लेने के बावजूद निर्माण कार्य अधूरा रहा। राशि वापस मांगने पर भी पैसे नहीं लौटाने का आरोप लगाया गया है। इसके बाद हितग्राही की शिकायत पर चिल्फी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।

अब तक तीन ठेकेदारों पर एफआईआर

कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर इससे पहले भी दो ठेकेदारों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

  • तुमेश गोड़: ग्राम आमानारा के हितग्राही बैसाखू बैगा की शिकायत पर तरेगांव जंगल थाना में एफआईआर।
  • कुमार मेरावी: ग्राम राजाढ़ार के हितग्राही देवसिंह की शिकायत पर चिल्फी थाना में एफआईआर।
  • शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान: ग्राम दुलदुला के हितग्राहियों की शिकायत पर चिल्फी थाना में एफआईआर।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इन तीनों मामलों में कुल 7 लाख 49 हजार रुपये की कथित ठगी का आरोप है।

गरीब परिवारों के आवास पर सवाल

प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना का उद्देश्य विशेष रूप से विशेष पिछड़ी जनजातियों सहित पात्र जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है। ऐसे में निर्माण के नाम पर राशि लेने और काम पूरा नहीं करने की शिकायतें योजना के क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

अब देखना होगा कि पुलिस जांच में आरोपों की पुष्टि के बाद आगे क्या कार्रवाई होती है और प्रभावित हितग्राहियों को उनकी राशि वापस दिलाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Related Articles

Back to top button