पंडरिया में 12 से 14 अक्टूबर तक सजेगा गरबा गुंजन महोत्सव 2026, भक्ति और संस्कृति का दिखेगा संगम

विधायक भावना बोहरा करेंगी शुभारंभ, कलेक्टर तुलिका प्रजापति और सांसद संतोष पाण्डेय की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति
पंडरिया। नवरात्रि के पावन अवसर पर पंडरिया नगर में भक्ति, शक्ति और भारतीय संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। स्वर्णा लेडीज ग्रुप पंडरिया द्वारा तीन दिवसीय गरबा गुंजन महोत्सव 2026 का आयोजन 12, 13 एवं 14 अक्टूबर को पी.एम. श्री आत्मानंद विद्यालय मैदान में किया जा रहा है। महोत्सव में माता की महाआरती, भव्य झांकियां, रंगारंग गरबा प्रस्तुतियां, भंडारा, प्रसाद वितरण और आकर्षक पुरस्कार मुख्य आकर्षण रहेंगे।
महोत्सव को लेकर नगर की महिलाओं, युवतियों और गरबा प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। आयोजन के तीनों दिन जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति कार्यक्रम की विशेषता रहेगी।
पहले दिन विधायक भावना बोहरा करेंगी शुभारंभ
12 अक्टूबर को शाम 7 बजे महोत्सव का भव्य शुभारंभ होगा। उद्घाटन समारोह में पंडरिया विधायक भावना बोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वहीं जनपद पंचायत पंडरिया की अध्यक्ष नंदनी साहू और नगर पालिका परिषद पंडरिया की अध्यक्ष मंजुला कुर्रे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
पहले दिन माता की आराधना, महाआरती और पारंपरिक वेशभूषा में गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी। प्रतिभागी अपनी कला और नृत्य प्रतिभा से दर्शकों को आकर्षित करेंगे।
दूसरे दिन कलेक्टर तुलिका प्रजापति की रहेगी उपस्थिति
13 अक्टूबर को महोत्सव के दूसरे दिन कबीरधाम कलेक्टर तुलिका प्रजापति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठान, महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ गरबा प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
तीसरे दिन सांसद संतोष पाण्डेय की मौजूदगी में होगा समापन
14 अक्टूबर को महोत्सव का समापन समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम में राजनांदगांव के सांसद संतोष पाण्डेय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह अध्यक्षता करेंगे।
समापन समारोह में समाजसेविका रेखा पाण्डेय, भाजपा संगठन सरगुजा संभाग के प्रभारी गोपाल साहू, समाजसेवक एवं होटल इंटर सिटी बिलासपुर के संचालक सुरेन्द्र छाबड़ा तथा ब्राह्मण समाज भाटापारा के जिला अध्यक्ष शरद भृगु सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति प्रस्तावित है। अंतिम दिन भव्य झांकी, महाआरती, गरबा प्रस्तुतियों और पुरस्कार वितरण के साथ महोत्सव का समापन होगा।
प्रोफेशनल प्रशिक्षण और आकर्षक पुरस्कार होंगे खास
गरबा गुंजन महोत्सव को खास बनाने के लिए प्रोफेशनल डांस कोरियोग्राफर एवं गरबा प्रशिक्षक अभय सर प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में महिलाएं और बालिकाएं गरबा नृत्य की विभिन्न शैलियों, ताल और नृत्य की बारीकियों का अभ्यास कर रही हैं।
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन महाआरती, भव्य झांकी, भंडारा और प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी। प्रतिभागियों के लिए प्रोफेशनल फोटोग्राफी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार वितरण कार्यक्रम को और आकर्षक बनाएगा।
महिला सशक्तिकरण और संस्कृति को बढ़ावा देने की पहल
स्वर्णा लेडीज ग्रुप पंडरिया की अध्यक्ष मीनू छाबड़ा और संयोजक उमा पाठक के नेतृत्व में आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। समूह की सदस्य स्मृति श्रीवास्तव, गुंचा सलूजा, रश्मि श्रीवास्तव, नीतू भट्ठ, छाया सिंह ठाकुर, नियति जायसवाल, निमिता सिंह ठाकुर, नीलम श्रीवास्तव, निशा शर्मा, गुरजीत कौर और कामिनी जोशी सहित अन्य सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटी हुई हैं।
स्वर्णा लेडीज ग्रुप द्वारा समय-समय पर महिला जागरूकता, सामाजिक सेवा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है। गरबा गुंजन महोत्सव के माध्यम से महिलाओं एवं युवतियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ धार्मिक परंपराओं, पारंपरिक वेशभूषा और लोकनृत्य को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजन समिति ने नगरवासियों से तीन दिवसीय महोत्सव में शामिल होकर कार्यक्रम की रौनक बढ़ाने और धार्मिक-सांस्कृतिक उत्सव का हिस्सा बनने की अपील की है।



