अपना जिलाछत्तीसगढ़ स्पेशलदुर्ग जिलाबलरामपुर

मुख्यमंत्री साय के सख्त निर्देश पर दुर्ग में बड़ी कार्रवाई: कलेक्टर अभिजीत सिंह ने लापरवाही पर ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू को किया निलंबित…

अवैध अफीम खेती प्रकरण में जांच तेज, पोर्टल पर मक्के की फसल की फोटो अपलोड कर दी गई थी, गलत जानकारी; प्रदेश में मादक पदार्थों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति…
दुर्ग// प्रदेश में अवैध रूप से अफीम की खेती के मामलों को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सख्त निर्देशों के बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई तेज हो गई है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के परिपालन में दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने लापरवाही बरतने पर ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू को निलंबित कर दिया है।
बताया गया है कि संबंधित अधिकारी द्वारा शासकीय पोर्टल पर मक्के की फसल की तस्वीर अपलोड की गई थी, जबकि उसी क्षेत्र के पास अवैध अफीम की खेती पाए जाने पर प्रशासन ने कार्रवाई की थी। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए यह कार्रवाई की है।
दरअसल, प्रदेश में हाल ही में कुछ स्थानों पर अवैध अफीम की खेती के मामले सामने आए हैं, जिसके बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राज्य में किसी भी कीमत पर अवैध मादक पदार्थों की खेती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों को इस मामले की गंभीरता से जांच कर संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद आयुक्त भू-अभिलेख छत्तीसगढ़ ने सभी जिला कलेक्टरों को पत्र जारी कर अपने-अपने जिलों के संवेदनशील और संभावित क्षेत्रों का व्यापक सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टरों को कहा गया है कि 15 दिनों के भीतर सर्वे पूर्ण कर प्रमाण पत्र सहित विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजी जाए, जिसमें यह स्पष्ट उल्लेख हो कि जिले में कहीं भी अवैध रूप से अफीम की खेती तो नहीं हो रही है।
समोदा में अफीम खेती का मामला, चार आरोपी गिरफ्तार…
दुर्ग जिले के समोदा गांव में अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आने पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान अफीम के पौधों को जब्त कर नष्ट किया गया तथा आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इसके साथ ही अवैध कब्जे को जेसीबी मशीन से हटाया गया।
बलरामपुर में 2 करोड़ की अफीम खेती का भंडाफोड़
इसी प्रकार बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कोरंधा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तुर्रीपानी (खजुरी) में राजस्व, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए लगभग 1.47 एकड़ भूमि पर की जा रही अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया।
कार्रवाई के दौरान करीब 18 क्विंटल 83 किलोग्राम अफीम के पौधे, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है, जब्त कर नष्ट किए गए। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 18 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जीरो टॉलरेंस की नीति पर सरकार का सख्त संदेश
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती, भंडारण, परिवहन या कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि प्रदेश में मादक पदार्थों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री के सख्त रुख और दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह की त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई के बाद यह संदेश साफ हो गया है कि अवैध अफीम खेती और उससे जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही पर अब कड़ी कार्रवाई तय है।

Related Articles

Back to top button