अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कवर्धा में जिलास्तरीय महतारी वंदन सम्मेलन आयोजित, कबीरधाम की महिलाओं को 24 किश्तों में मिले 563.49 करोड़ रुपए

महतारी वंदन महिला सशक्तिकरण के प्रयासों का प्रतीक – उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
कवर्धा, 8 मार्च 2026।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा बस्तर से महतारी वंदन योजना की 25वीं किश्त जारी किए जाने के साथ ही कवर्धा के वीर सावरकर भवन में जिलास्तरीय महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं सांसद संतोष पांडे मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुषमा बघेल, जिला पंचायत सदस्य रामकुमार भट्ट, डॉ. वीरेन्द्र साहू, सभापति सुष्मिता पटेल, नितेश अग्रवाल, विजय पटेल, मनीराम, मधु तिवारी, सुषमा चंद्रवंशी, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी आनंद तिवारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की शुरुआत महिलाओं से होती है। हमारी संस्कृति में माताओं को सर्वोच्च स्थान दिया गया है और उन्हें देवी स्वरूप माना गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्व सहायता समूहों के माध्यम से स्व-रोजगार, उद्यमिता और सहकारिता से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना प्रदेश की सबसे बड़ी महिला कल्याणकारी योजनाओं में से एक है, जिसके तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है। इससे महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होकर अपने परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि महिलाओं की सुविधा के लिए प्रत्येक पंचायत में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि उन्हें बैंक या सोसायटी जाने की आवश्यकता न पड़े। साथ ही महिला स्व सहायता समूहों के लिए महतारी सदन का निर्माण भी किया जा रहा है।
सांसद संतोष पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि महिला समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। एक माँ अपने बच्चों को जो संस्कार और शिक्षा देती है, वही समाज के भविष्य को दिशा देता है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहयोग प्रदान कर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि कबीरधाम जिले की 2.48 लाख से अधिक महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 24 किश्तों में कुल 563.49 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जा चुकी है।
इन महिलाओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में श्रीमती गंगोत्री, श्रीमती यशोधरा मानिकपुरी, श्रीमती प्रीति सिंह परिहार, श्रीमती श्वेता शर्मा, श्रीमती पायल श्रीवास्तव, श्रीमती सरस्वती निषाद, श्रीमती चंद्रकुमारी, श्रीमती रंजना भट्ट, श्रीमती सुकून चंद्रवंशी, श्रीमती अनीता पाली, खुशबू, अनीता केसरवानी, रीना शर्मा, अश्वनी श्रीवास्तव, विवेका हैरिस, श्रीमती सरोज शर्मा, निकिता डड़सेना एवं संगीता साहू को सम्मानित किया गया। इसके अलावा सामाजिक संस्था नई सोच नई राह नारी शक्ति टीम को भी महिला सशक्तिकरण एवं जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया



