पंडरिया में किसान खुशहाल: भावना बोहरा के अथक प्रयासों से जारी हुआ ₹8.69 करोड़ भुगतान

होली से पहले गन्ना किसानों को मिली बड़ी सौगात, भावना बोहरा के प्रयासों से ₹8.69 करोड़ का भुगतान जारी
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के गन्ना किसानों के लिए होली पर्व से पहले खुशियों की बड़ी सौगात सामने आई है। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित पंडरिया द्वारा पेराई सत्र 2025–26 के अंतर्गत गन्ना विक्रेता कृषकों को ₹8 करोड़ 69 लाख की राशि जारी की गई है। विधायक भावना बोहरा की सक्रियता और निरंतर प्रयासों से संभव हुई इस पहल से क्षेत्र के हजारों किसानों में उत्साह का माहौल है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए विधायक भावना बोहरा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, सहकारिता मंत्री केदार कश्यप एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त किया।
कारखाना के प्रबंध संचालक उत्तर कुमार कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि पेराई सत्र 2025–26 में गन्ना विक्रेता किसानों से एफआरपी ₹329.05 प्रति क्विंटल की दर से गन्ना खरीदी की गई है, जिसका कुल भुगतान योग्य आंकड़ा लगभग ₹40 करोड़ 5 लाख है। पूर्व में किसानों को ₹3 करोड़ 45 लाख का भुगतान किया जा चुका था।
शेष देय राशि में से विधायक भावना बोहरा के अथक प्रयासों के फलस्वरूप दिनांक 26 नवंबर 2025 से 08 दिसंबर 2025 तक गन्ना विक्रय करने वाले 2556 कृषकों को होली पर्व से पूर्व ₹8 करोड़ 69 लाख का भुगतान कर दिया गया है। अब तक कुल ₹12 करोड़ 15 लाख किसानों के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं, जबकि शेष राशि का भुगतान भी शीघ्र किए जाने की प्रक्रिया जारी है।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने किसानों को बधाई देते हुए कहा कि किसानों का आर्थिक सशक्तिकरण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। गन्ना किसानों की मेहनत का पूरा मूल्य उन्हें मिले, इसके लिए हम निरंतर प्रयासरत हैं। होली जैसे पावन पर्व से पहले किसानों के खातों में राशि पहुँचना उनके परिश्रम का सम्मान है। शेष भुगतान भी जल्द सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। किसानों को प्रोत्साहित करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम किसान तक पहुँचाना ही उनका संकल्प है।



