अमरकंटककबीरधाम जिलाकबीरधाम विशेष

आस्था के पथ पर जनकल्याण का संकल्प: अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किमी कांवड़ पदयात्रा शुरू

600 से अधिक कांवड़ यात्री हुए शामिल, 15 बैगा आदिवासी भी बने यात्रा के सहभागी

अमरकंटक। सावन माह के द्वितीय सोमवार को पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित माँ नर्मदा मंदिर में माँ नर्मदा एवं नर्मदेश्वर महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना के साथ 151 किलोमीटर लंबी कांवड़ पदयात्रा की शुरुआत की।

अमरकंटक से भोरमदेव मंदिर तक होने वाली इस पावन यात्रा में 600 से अधिक कांवड़ यात्री शामिल हुए। वहीं, भावना बोहरा के प्रयासों से अपने मूल धर्म में वापसी करने वाले वनांचल क्षेत्र के 15 बैगा आदिवासी समाज के लोग भी यात्रा में सहभागी बने। माँ नर्मदा और भगवान भोलेनाथ के जयघोष, “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के नारों से अमरकंटक का वातावरण भक्तिमय हो उठा।

विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी 10 से 16 अगस्त तक यह कांवड़ पदयात्रा आयोजित की जा रही है। यात्रा जलेश्वर महादेव डोंगरिया और भोरमदेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के साथ संपन्न होगी।

यात्रा के प्रथम दिन माँ नर्मदा मंदिर अमरकंटक से कांवड़ यात्रा प्रारंभ होकर गणेश मंदिर पहाड़, आमाडोल और खपरा खोल होते हुए लमनी तक पहुंचेगी। घने जंगलों, दुर्गम पगडंडियों और प्राकृतिक सुंदरता के बीच कांवड़ यात्री पूरे उत्साह और भक्ति के साथ आगे बढ़े।

यात्रा के शुभारंभ से पूर्व रविवार को भावना बोहरा ने अमरकंटक के मेला मैदान स्थित डोम और नया नगर पालिका परिसर में कबीरधाम जिले से पहुंचे कांवड़ यात्रियों से मुलाकात की। उन्होंने श्रद्धालुओं को स्वयं भोजन परोसा और भजन संध्या में भी शामिल हुईं।

यात्रा के शुभारंभ अवसर पर पंडरिया विधानसभा के भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ कार्यकर्ता, समाज प्रमुख, भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी-कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

भावना बोहरा ने कहा कि यह यात्रा केवल कांवड़ यात्रा नहीं, बल्कि माँ नर्मदा और भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और सेवा-भाव का पवित्र संकल्प है। छत्तीसगढ़ की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के साथ प्रदेश की निरंतर प्रगति की मंगलकामना के साथ यह यात्रा शुरू की गई है।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा हमारी धार्मिक परंपरा में आस्था, तपस्या, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है। साथ ही यह आने वाली पीढ़ियों को सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और परंपराओं से जोड़ने का माध्यम भी है।

इस अवसर पर पत्थलगांव विधायक गोमती साय, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, कबीरधाम जिला भाजपा अध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता, कांवड़ यात्री और बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button