जनपद पंचायत कवर्धा से निकली आस्था की यात्रा, 26 श्रद्धालुओं ने किए राम मंदिर अयोध्या के दर्शन

कवर्धा।
जनपद पंचायत कवर्धा के तत्वावधान में 18 दिसम्बर से 21 दिसम्बर 2025 तक राम मंदिर अयोध्या में रामलला दर्शन हेतु विशेष तीर्थयात्रा का सफल आयोजन किया गया। इस यात्रा में विभिन्न ग्राम पंचायतों से कुल 26 श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सभी तीर्थयात्रियों को निःशुल्क तीर्थ किट प्रदान की गई, जिसमें पट्टा, माला एवं लंच पैकेट शामिल थे। रेलवे यात्रा के दौरान भोजन की समुचित व्यवस्था भी की गई।
दिनांक 19 दिसम्बर 2025 को सभी श्रद्धालु अयोध्या धाम पहुँचे, जहाँ रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई।
अगले दिन प्रातः नाश्ता एवं भोजन पश्चात श्रद्धालुओं को रामलला के दर्शन कराए गए। दर्शन उपरांत 20 दिसम्बर 2025 को यात्रियों को काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन हेतु प्रस्थान कराया गया। वहां दर्शन सम्पन्न कर 21 दिसम्बर 2025 को सभी यात्री सकुशल कवर्धा लौटे।
कवर्धा आगमन पर विधायक कार्यालय में जनप्रतिनिधियों द्वारा तीर्थयात्रियों का आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष सुषमा बधेल, उपाध्यक्ष गणेश तिवारी, अध्यक्ष प्रतिनिधि गणपत बधेल, सरपंच प्रतिनिधि गणेश योगी, भाजपा कार्यकर्ता नंदकिशोर आर्य तथा समाज कल्याण विभाग के समाज शिक्षा संगठक सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में छत्तीसगढ़ शासन की ओर से सभी तीर्थयात्रियों को रामलला का फोटो फ्रेम भेंट किया गया। श्रद्धालुओं ने शासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।





