
विधायक भावना बोहरा और श्रद्धालुओं ने किया 151 शिवलिंग में सामूहिक रुद्राभिषेक
कबीरधाम, पंडरिया, छत्तीसगढ़।
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पंडरिया विधानसभा अंतर्गत वनांचल ग्राम कामठी में शिवभक्ति की अनुपम छटा देखने को मिली। उत्साह, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत इस भव्य आयोजन में 700 से अधिक विवाहित जोड़ों एवं श्रद्धालुओं ने विधायक भावना बोहरा के साथ 151 पार्थिव शिवलिंगों में सामूहिक रूप से विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक कर हर-हर महादेव का जयघोष किया।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवं पंडरिया विधानसभा वासियों का आयोजन को सफल बनाने हेतु आभार व्यक्त करते हुए महाशिवरात्रि की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी सम्मिलित हुए। ग्राम नेऊर और दमगढ़ के वे आदिवासी परिवार भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिन्होंने विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से अपने मूल धर्म में घर वापसी की थी।
आयोजन के दौरान लगभग 10,000 श्रद्धालुओं के लिए भंडारा एवं महाप्रसादी की व्यवस्था की गई। विधायक भावना बोहरा ने स्वयं प्रसाद वितरण कर सेवा भाव का परिचय दिया।
भक्तिमय वातावरण को और भी ऊर्जावान बनाने हेतु छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध भजन गायक अनुराग शर्मा द्वारा भजन संध्या प्रस्तुत की गई। भगवान भोलेनाथ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और वातावरण शिवमय हो गया।
धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता का संदेश
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह आयोजन हमारी सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामूहिक चेतना का प्रतीक है। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक साथ भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कर छत्तीसगढ़ एवं पंडरिया विधानसभा की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक समरसता की समृद्ध परंपराओं के लिए जानी जाती है। यहाँ के जनजीवन में सनातन मूल्यों के प्रति गहरी आस्था है। हमारी यह जिम्मेदारी है कि हम अपनी इस अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाएँ।
यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से अत्यंत पवित्र और महत्वपूर्ण रहा, बल्कि क्षेत्र की सुख-शांति, विकास और जनकल्याण के लिए एक सकारात्मक संकल्प का प्रतीक भी बना। इस कार्यक्रम ने समाज के सभी वर्गों—युवा, महिलाएँ, बुजुर्ग एवं ग्रामीण नागरिकों—को एक मंच पर एकत्रित कर सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता को सुदृढ़ किया।
विधायक भावना बोहरा ने आगे कहा कि क्षेत्र के विकास, जनकल्याण और समृद्धि के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई, जिससे यह आयोजन धार्मिक अनुष्ठान से आगे बढ़कर जनहित एवं प्रगति का संकल्प बन गया। भगवान शिव सृष्टि के कल्याणकर्ता हैं और 151 शिवलिंगों में सामूहिक रुद्राभिषेक का यह आयोजन क्षेत्र की उन्नति एवं शांति के लिए समर्पित है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि पंडरिया विधानसभा की प्रगति, जनता की सेवा तथा सनातन संस्कृति के प्रसार हेतु उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
हर हर महादेव!



