महंत घासीदास संग्रहालय को सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति के लिए दिल्ली में मिला पुरस्कार

तहलका न्यूज रायपुर// नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित तीन दिवसीय स्टेट म्यूजियम कान्क्लेव में देशभर के संग्रहालयों की प्रस्तुति दी गई। इसमें छत्तीसगढ़ के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय को सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति का पुरस्कार प्रदान किया गया। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के नेतृत्व में एक से तीन अगस्त तक आयोजित कार्यक्रम में राज्य के पुरातत्व अभिलेखागार एवं संग्रहालय के संचालक विवेक आचार्य ने विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों और अंतरराष्ट्रीय विषय विशेषज्ञों के समक्ष छत्तीसगढ़ के सबसे पुराने और सबसे बड़े संग्रहालय का परिचय दिया। संग्रहालय प्रदर्शनी, संग्रह और इसकी सर्वश्रेष्ठ कलाकृतियों को प्रस्तुत किया। विभाग के नवाचार धरोहर झरोखा योजना की भी जानकारी दी। इस प्रस्तुति को पापुलर चाइस कैटेगरी में बेस्ट प्रेजेंटेशन का अवार्ड मिला। केंद्र सरकार की संयुक्त सचिव मुग्धा सिंह ने छत्तीसगढ़ पुरातत्व विभाग के उपसंचालक डॉ. पीसी पारख एवं पुरातत्ववेत्ता प्रभात कुमार सिंह को यह पुरस्कार प्रदान किया।



