
रायपुर।छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री आदिवासी नेता विष्णुदेव साय होंगे। रायपुर के प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में रविवार को हुई विधायक दल की बैठक में उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया है। इसके बाद साय ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल बिश्वभूषण हरिचंदन से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया।
राज्यपाल ने साय को मुख्यमंत्री नियुक्त कर उन्हें मंत्रीमंडल गठन के लिए आमंत्रित किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में 13 दिसंबर तक शपथ ग्रहण होगा। वहीं साय अस्थाई मुख्यमंत्री निवास पहुना पहुंच गए हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह विधानसभा अध्यक्ष हो सकते हैं। वहीं छत्तीसगढ़ में दो उप मुख्यमंत्री भी बनाए जा सकते हैं। इनमें अरुण साव और विजय शर्मा को उप मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
नए मंत्रीमंडल के गठन को लेकर तैयारी शुरू
विजय शर्मा भाजपा में महामंत्री रहे और पहली बार चुनाव जीतकर निर्वाचित हुए हैं वहीं अरुण साव लोकसभा सदस्य के साथ-साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके साथ ही नए मंत्रीमंडल के गठन को लेकर भी तैयारी शुरू हो गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व अन्य नेताओं को आमंत्रित कर समय मांगा है, जल्द ही शपथ ग्रहण होगा। साय के छत्तीसगढ़ के पहले आदिवासी मुख्यमंत्री होंगे। हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी को राज्य का पहला आदिवासी सीएम कहा जाता है, लेकिन उनकी जाति से जुड़ा मामला विवाद के चलते कोर्ट में लंबित है।



